समाहरणालय, मधुबनी
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक -26/03/2026
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित, छात्रों को दिलाई गई स्वच्छता शपथ
गंगा और पर्यावरण संरक्षण पर क्विज़, विद्यार्थियों में दिखा जबरदस्त उत्साह
जिला गंगा समिति (नमामि गंगे) द्वारा संचालित स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को वॉटसन स्कूल सभागार, मधुबनी में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गंगा एवं उसकी सहायक नदियों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जल संरक्षण से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे गए।
कुल 12 राउंड तक चली इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रतियोगिता के अंत में उ. म. विद्यालय, भच्छी (रहिका) की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रीजनल सेकेंड्री स्कूल, मधुबनी की टीम द्वितीय स्थान पर रही। वहीं पोल स्टार स्कूल की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान वॉटसन मध्य विद्यालय के शिक्षक मनीष कुमार ने स्कोरर के रूप में अहम भूमिका निभाई। विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में उपस्थित छात्र-छात्राओं को नदी, तालाबों तथा अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित आईसीडीएस के जिला समन्वयक स्मित प्रतीक ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा एवं अन्य नदियों की स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं।
वहीं नमामि गंगे के जिला परियोजना पदाधिकारी (डीपीओ) आनंद अंकित ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को नदियों एवं जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि यदि नई पीढ़ी जल और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझेगी, तो आने वाले समय में हमारी नदियां अधिक स्वच्छ और सुरक्षित रह सकेंगी।
कार्यक्रम का संचालन नवाचारी वरीष्ठ विज्ञान शिक्षक पवन कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वॉटसन स्कूल के प्रधानाध्यापक सतीश कुमार दास ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम के संयोजक एवं मध्य विद्यालय भौआरा के प्रधानाध्यापक उमेश कुमार ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विकास शाखा के बड़ा बाबू रमन प्रसाद सिंह, मनीष रंजन दास, मध्य विद्यालय जितवारपुर के प्रधानाध्यापक सतीश कुमार सिंह, मुकेश गिरी, मनोज कुमार पासवान तथा दिलीप नायक सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
—————————— ———————————————————————– ..*
*बिहार में शराब का व्यापार एवम सेवन पूर्ण रूप से अवैध है। इससे संबधित जानकारी टॉल फ्री नंबर 15545 या18003456268 एवम जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष* *नंबर पर*06276-222576 *जरूर दे। आपकी पहचान* *गोपनीय रखी जायेगी।*
=============== ===
।**
