मधुबनी, 24 नवंबर 2026: कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में सौराठ महोत्सव-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित पाँच दिवसीय ‘मिथिलाक्षर कार्यशाला’ का आज सफल और भव्य समापन हो गया। यह कार्यशाला दिनांक 20 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन अपराह्न 01:30 बजे से 04:00 बजे तक मिथिला ललित संग्रहालय, सौराठ (मधुबनी) में आयोजित की गई थी।
“अपन भाषा, अपन लिपि, अपन सांस्कृतिक पहचान” तथा “मिथिलाक्षर : हमर गौरव, हमर धरोहर” के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में श्रीमती मालती मिश्रा ने प्रतिभागियों को मिथिलाक्षर के लेखन, पठन और उसकी ऐतिहासिक बारीकियों का गहन प्रशिक्षण दिया। पाँच दिनों तक चले इस प्रशिक्षण सत्र में युवाओं, छात्र-छात्राओं और स्थानीय कला प्रेमियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्राचीन लिपि को सीखा।
समापन समारोह के अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री नीतीश कुमार ने कार्यशाला में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र (सर्टिफिकेट) प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए श्री नीतीश कुमार ने कहा कि मिथिलाक्षर हमारी सांस्कृतिक अस्मिता और गौरवशाली विरासत का अभिन्न अंग है। इसे नई पीढ़ी तक पहुँचाना और व्यवहार में लाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने मुख्य प्रशिक्षक श्रीमती मालती मिश्रा के समर्पण और सभी प्रतिभागियों की सीखने की ललक की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपनी मातृभाषा और प्राचीन लिपि के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर संग्रहालय के कर्मी, स्थानीय बुद्धिजीवी एवं संस्कृति प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस कार्यशाला में अंजलि कुमारी, मेघा झा, निधि कुमारी,सुरभि कुमारी, नेहा कुमारी, ज्योति झा,कल्पना कुमारी, सोनी कुमारी, अनुपमा कुमारी,कृति कुमारी, चंदा कुमारी सहित दर्जनों प्रशिक्षक ने भाग लिया।
