जिला समन्वय समिति की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई समीक्षा बैठक,

जिला से लेकर पंचायत स्तर के अधिकारियों एवं कर्मियों को पदनाम से सोशल मीडिया अकाउंट बनाने का निर्देश
मधुबनी।

सरकार की विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिला समन्वय समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अपर समाहर्ता (आपदा) श्री संतोष कुमार ने जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने तथा आम जनता को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने पदनाम से सोशल मीडिया अकाउंट बनाने का निर्देश दिया गया। इसके तहत जिला से लेकर अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक के सभी संबंधित अधिकारी / कर्मी फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब पर अपने पदनाम से अकाउंट बनाएंगे।
अपर समाहर्ता ने कहा कि सोशल मीडिया आज आम जनता तक सूचना पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से सरकार की विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी नीतियों, योजनाओं, कार्यक्रमों तथा उपलब्धियों की जानकारी व्यापक स्तर पर साझा की जा सकती है। इससे आम लोगों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अधिकाधिक पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
इस कार्य के लिए संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे अपने अधीनस्थ अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मियों के सोशल मीडिया अकाउंट निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे तथा निर्धारित निर्देशों के अनुरूप शीघ्र अकाउंट बनवाना सुनिश्चित करेंगे। इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अविलंब अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सहयोग पोर्टल पर विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की विभागवार समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिले में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति 97 प्रतिशत पाई गई। अपर समाहर्ता ने शेष लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सहयोग पोर्टल आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। अतः सभी विभाग नियमित रूप से पोर्टल की मॉनिटरिंग करें तथा प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। इस क्रम में पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए पूर्व से चिन्हित उपयुक्त भूमि पर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश भवन निर्माण विभाग एवं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को दिया गया। उन्हें आपसी समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं का निराकरण करते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त बैठक में आपूर्ति, राजस्व, सहकारिता, उद्योग सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अपर समाहर्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों को विभागीय कार्यों में सक्रियता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version