सीतामढ़ी, 5 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और समर्पण को जनभागीदारी के जरिए आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर सीतामढ़ी भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मनीष कुमार ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं बिहार सरकार के बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष डॉ. राजेश वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सेवा भाजपा के लिए महज कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी की कार्यसंस्कृति और जनसेवा का संकल्प है। उन्होंने अभियान के कार्यक्रमों को जिला स्तर से लेकर प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना और जिम्मेदारियों का प्रारूप कार्यकर्ताओं के सामने रखा।
डॉ. राजेश वर्मा ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाना है और इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करनी है। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’—राष्ट्रव्यापी ड्रॉइंग एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला के दौरान कार्यकर्ताओं से अभियान को सिर्फ कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित नहीं रखने का आह्वान किया गया। सेवा, सहभागिता और संवाद के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाने पर जोर दिया गया। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ने और ‘आशीर्वाद का दीया’ के जरिए लाभार्थी परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
कार्यशाला में जिला कोर कमिटी के सदस्य, जिला पदाधिकारी, विधानसभा प्रभारी एवं संयोजक, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, प्रकोष्ठ एवं विभागों के जिला संयोजक, मंडल अध्यक्ष और मंडल महामंत्री सहित मंडल युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यशाला के समापन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सीतामढ़ी के प्रत्येक गांव, पंचायत, मंडल और बूथ तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प लिया।
