सीतामढ़ी (सुरसंड): सुरसंड प्रखंड के टीपीसी भवन में प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक समिति अध्यक्ष रमेश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति तथा विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक प्रो. नागेंद्र राउत ने प्रखंड क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नल-जल योजना का संचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा लोगों को प्रतिदिन तीन समय नियमित जलापूर्ति उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही जलापूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बीस सूत्री समिति के अध्यक्ष रमेश पटेल ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर 11,464 करोड़ रुपये की लागत से 2,476 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया। उन्होंने प्रत्येक जिले में उद्योग स्थापित करने के लिए 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश, “सबका सम्मान-जीवन आसान” अभियान के तहत सहयोग शिविरों के आयोजन तथा 211 डिग्री कॉलेजों की स्थापना जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए वर्ष 2036 तक समृद्ध बिहार के निर्माण के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी सदस्यों से ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रखंड प्रमुख चंदन कुमार ने अंचल स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने की भी बात कही।
बैठक में उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उर्फ मोहन राय, सचिव सह प्रखंड विकास पदाधिकारी धर्मवीर कुमार प्रभाकर, अंचलाधिकारी सतीश कुमार, थाना अध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता, दीपक पटेल, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. लालू कुमार, बीस सूत्री समिति के सदस्य अरुण ठाकुर, विनोद चौबे, मनोज ठाकुर, शिवशंकर महतो, राजीव सिंह, शिवम गुप्ता, बाबुल राज, पवन भारती, सीडीपीओ, पशु चिकित्सा पदाधिकारी, शिक्षा पदाधिकारी, विद्युत विभाग के जेई, पीएचईडी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
