मधुबनी। सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के तहत उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामपट्टी एवं जिला गंगा समिति ‘नमामि गंगे’, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में “नदी एवं अन्य जलस्रोतों की स्वच्छता” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सरिता कुमारी ने की। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक मूल्यों के विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों में जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना आज की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं और वे समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का कार्य करते हैं।
विद्यालय के शिक्षक एवं इको क्लब के नोडल शिक्षक शिव कुमार ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने की जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।
स्वच्छ जलस्रोत सुरक्षित भविष्य की आधारशिला
जिला गंगा समिति ‘नमामि गंगे’ के जिला परियोजना पदाधिकारी आनंद अंकित ने कहा कि नदियों की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने में समाज के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि यदि आज की पीढ़ी जल संरक्षण और स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
विद्यार्थियों ने रखे अपने विचार
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक बिरेंद्र कुमार साह, जमाल अशरफ, रूबी कुमारी, अर्चना रानी, अरुंधती और अमृता कुमारी सहित छात्र-छात्राओं कल्पना, प्रियांशी, सुमन, आदित्य और पारितोष ने भी नदी एवं अन्य जलस्रोतों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को स्वच्छता एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने विद्यालय, घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा नदियों और अन्य जलस्रोतों को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका गुंजन कुमारी तथा शिक्षक नरेश पासवान, राजा गोपाल शरण, सुरेंद्र कुमार, कुमारी शीतल सहित छात्र शिवम, अनीश, आशा, खुशी और नेहा परवीन की सक्रिय भूमिका रही।
