सीतामढ़ी। जिले के डुमरा थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। इस संबंध में डुमरा थाना में दिए गए आवेदन में एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके देवर की हत्या कर शव को आम के पेड़ से लटका दिया गया। महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, रसलपुर वार्ड संख्या-1 निवासी केवला देवी, पत्नी अनमोल महतो ने बताया कि उनके देवर रवि महतो का विवाह लगभग तीन महीने पहले सहियारा थाना क्षेत्र के बेलाही जयराम गांव निवासी मुस्कान कुमारी के साथ हुआ था। परिवार का कहना है कि विवाह के बाद दोनों पति-पत्नी सामान्य और सुखद वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रहे थे।

महिला के अनुसार, विवाह के करीब एक माह बाद रवि महतो रोजगार की तलाश में हैदराबाद चले गए, जबकि उनकी पत्नी मुस्कान गांव स्थित ससुराल में ही रह रही थीं। आवेदन में दावा किया गया है कि मुस्कान देर रात तक मोबाइल फोन पर बातचीत करती थीं। परिवार के लोगों द्वारा पूछे जाने पर वह कहती थीं कि उनकी बातचीत पति रवि महतो से हो रही है।

आवेदन में आगे कहा गया है कि इसी दौरान परिवार के एक रिश्तेदार की बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद परिवार के कई सदस्य सुरसंड थाना क्षेत्र के रधाउर गांव स्थित ससुराल चले गए थे। इसी बीच 23 जून 2026 की रात लगभग 12 बजे से 1 बजे के बीच मुस्कान कुमारी मोबाइल पर बातचीत कर रही थीं। इसके बाद उनके कमरे से कोई आवाज नहीं आई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, अगले दिन यानी 24 जून 2026 की सुबह काफी देर तक कमरा बंद रहने पर उन्हें संदेह हुआ। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपनी सास और आसपास की महिलाओं को बुलाया। सभी ने मिलकर आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंततः खिड़की से झांकने पर देखा गया कि मुस्कान कुमारी पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थीं।

महिला ने बताया कि इस दृश्य को देखकर वह बेहोश हो गईं। होश आने पर उन्होंने देखा कि पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी। साथ ही मृतका के मायके पक्ष के कई रिश्तेदार और बड़ी संख्या में लोग भी वहां मौजूद थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए 50 लाख रुपये की मांग की। शिकायत के अनुसार, यह भी धमकी दी गई कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो पूरे परिवार को दहेज हत्या के झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेज दिया जाएगा। साथ ही “खून का बदला खून से लेने” जैसी धमकियां भी दी गईं।

शिकायतकर्ता का कहना है कि मुस्कान कुमारी की मृत्यु आत्महत्या का मामला था। इसी को लेकर 25 जून 2026 को गांव में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पंचायत भी आयोजित की गई थी। आवेदन में पंचायत में शामिल मृतका के परिजनों के नाम भी दर्ज किए गए हैं। इनमें उनकी मां बिंदा देवी, चाचा नीरस महतो, मामा राजेश महतो, नाना सुरेंद्र महतो, नानी फुलकुमारी देवी, मामी रिंकी देवी, यशोदा देवी, शंभू महतो, बिकाऊ महतो, संजो देवी, रौशन कुमार समेत अन्य लोगों का उल्लेख किया गया है।

महिला का आरोप है कि पंचायत के बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ और बाद में उनके देवर की हत्या कर शव को आम के पेड़ से लटका दिया गया। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version