सीतामढ़ी। जिले में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 सितंबर 2026 को सीतामढ़ी अभियंत्रण महाविद्यालय (SIT) परिसर में TEJAS (Transforming Entrepreneurial Journeys Across States & Districts) कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह पहल भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) की ओर से नवाचार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित की जा रही है।

कार्यशाला की शुरुआत एसआईटी सीतामढ़ी परिसर में वृक्षारोपण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में सीतामढ़ी अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक प्रिया भारती, परियोजना प्रबंधक राकेश कुमार, उद्योग विस्तार पदाधिकारी, स्टार्टअप सेल के समन्वयक निशांत कुमार, बीकेपीआई पुपरी के व्याख्याता मो. शमशाद आलम सहित अन्य अतिथि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर

कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक प्रिया भारती ने स्वागत संबोधन दिया। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्यों के साथ जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

उन्होंने प्रतिभागियों को स्टार्टअप की अवधारणा और इसकी उपयोगिता के बारे में बताया। साथ ही उद्योग विभाग, बिहार सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों से नौकरी तलाशने वाले बनने के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी बनने की अपील की गई, ताकि जिले में रोजगार के अधिक अवसर पैदा किए जा सकें।

DPIIT अधिकारी ने ऑनलाइन दी TEJAS और Startup India की जानकारी

कार्यशाला के दौरान भारत सरकार के DPIIT अधिकारी रोहन सचदेव ने ऑनलाइन माध्यम से छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने TEJAS कार्यक्रम और Startup India की यात्रा, इसके उद्देश्यों एवं उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे स्टार्टअप की संख्या और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की। साथ ही देशभर में सफल स्टार्टअप के उदाहरणों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया।

युवाओं में स्टार्टअप के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल

SIT सीतामढ़ी के प्राचार्य सुनील कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से TEJAS जैसी कार्यशालाओं का आयोजन लगातार किया जाना चाहिए। इससे छात्रों और युवाओं में नवउद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और Startup India की योजनाओं को सफल बनाने में मदद मिलेगी।

वहीं, बीकेपीआई पुपरी के व्याख्याता मो. शमशाद आलम ने छात्र-छात्राओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। स्टार्टअप सेल के समन्वयक निशांत कुमार ने स्टार्टअप से जुड़े विभिन्न विषयों पर छात्रों के साथ विस्तार से जानकारी साझा की।

प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने पूछे सवाल

कार्यशाला में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने स्टार्टअप, ऋण, सरकारी योजनाओं और उद्यम स्थापित करने से संबंधित सवाल पूछे। संबंधित अधिकारियों और विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का जवाब देते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।

कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित Startup Bihar योजना से लाभान्वित उद्यमियों की ओर से लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अतिथियों ने उद्यमियों से बातचीत कर उनके उत्पादों और उद्यम से संबंधित जानकारी ली।

कार्यक्रम के अंत में जिला उद्योग केंद्र के परियोजना प्रबंधक राकेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया और कार्यशाला के समापन की घोषणा की। मंच का संचालन SIT सीतामढ़ी की छात्रा कुमारी खुशी सिन्हा और छात्र नवीन कुमार ने किया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version