सीतामढ़ी। जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में HIV/एड्स एवं टीबी की रोकथाम, बचाव, जांच और उपचार को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अलावा शिक्षा, समाज कल्याण, पंचायत राज, जीविका, ICDS, जेल प्रशासन, NSS, NCC, MY Bharat, पीरामल फाउंडेशन, रेड रिबन, Doctor for You और HLFPPT समेत विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. आर.के. यादव ने जिले में HIV संक्रमण की स्थिति की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कुल 5,494 HIV संक्रमित मरीज रिपोर्ट किए गए हैं, जिनका ART सेंटर के माध्यम से उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि HIV संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के साथ अधिक से अधिक लोगों की जांच कराना जरूरी है। समय रहते संक्रमण की पहचान और उपचार शुरू होने से इसे नियंत्रित करने में मदद मिलती है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग थीम के आधार पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों को HIV और टीबी से बचाव, रोकथाम, जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों और सहयोगी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि HIV और टीबी की रोकथाम एवं पहचान की जिम्मेदारी सिर्फ स्वास्थ्य विभाग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा, जीविका, पंचायत राज, ICDS, MY Bharat, NCC, NSS समेत अन्य विभागों को भी जागरूकता अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्रों के अलावा गांव-गांव में स्क्रीनिंग कैंप आयोजित कर HIV और टीबी की जांच का दायरा बढ़ाने को कहा। इससे संक्रमित तथा संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उनके उपचार और आवश्यक प्रबंधन की व्यवस्था की जा सकेगी।

डीएम ने HIV और टीबी से प्रभावित मरीजों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों का लाभ दिलाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से लोगों को समय पर जांच कराने, उपचार लेने और संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जाना आवश्यक है।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. आर.के. यादव, सीडीओ डॉ. जेड. जावेद, डीपीएम स्वास्थ्य असित रंजन, डीपीओ शिक्षा सुजीत कुमार दास एवं नीलम राज, जिला युवा पदाधिकारी राकेश कुमार, NCC से आरती पांडे, NSS के नोडल पदाधिकारी, संचारी रोग विभाग से डीपीसी रंजय कुमार एवं रंजन कुमार, पीरामल फाउंडेशन के जिला प्रबंधक प्रभाकर कुमार एवं रोहित कुमार तथा Doctor for You से रुनझुन कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।#Sitamarhi #HIV #AIDS #TB #Tuberculosis #HIVAwareness #TBAwareness #HealthNews #SitamarhiNews #BiharNews #RichiPandey #HealthDepartment #HIVTesting #TBAwareness #PublicHealth

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version