सीतामढ़ी। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC), पटना द्वारा आयोजित “अवर निरीक्षक मद्य निषेध” प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर सीतामढ़ी जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रविवार को जिलाधिकारी रिची पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंध, विधि-व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती सहित परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।
दोनों अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता और निष्पक्षता हर स्थिति में बनाए रखी जाए। साथ ही बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, कदाचार या संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी रिची पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी और सघन जांच की व्यवस्था की गई है, ताकि सभी अभ्यर्थी सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा दे सकें।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और पूरी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
