सीतामढ़ी। जिला स्वास्थ्य समिति के सभागार में सिविल सर्जन डॉ. आर.के. यादव की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में संचारी रोग पदाधिकारी, गैर-संचारी रोग पदाधिकारी, डीपीएम असित रंजन, डीपीसी दिनेश कुमार, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी संतोष कुमार सहित पीरामल फाउंडेशन के प्रभाकर कुमार और दुर्गा प्रसाद तथा PSI के विनय कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा जिले के सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (BHM) और प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक (BCC) ने भी बैठक में भाग लिया।
समीक्षा के दौरान संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, लिंगानुपात में सुधार, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA), जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा, नियमित टीकाकरण और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही कालाजार उन्मूलन के लिए किए जा रहे कीटनाशक छिड़काव अभियान की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए प्रस्तावित आगामी रात्रि रक्त पट संग्रह अभियान की तैयारियों पर भी विशेष चर्चा हुई। सिविल सर्जन ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग और निर्धारित समयसीमा के भीतर डेटा संधारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रखंडों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा क्षेत्रीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी, लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली और बेहतर समन्वय के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
