सीतामढ़ी। जिले के परसौनी थाना क्षेत्र में स्थित एक सरकारी विद्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 9 बजे राजकीय मध्य विद्यालय, मुरहारी में चोरी की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान गुप्त सूचना और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।

जांच के क्रम में पुलिस ने ग्राम कोरा हरवंश निवासी राजा बाबू के घर पर छापेमारी की। इस दौरान उसके घर और निर्माणाधीन परिसर से चोरी किए गए कई सामान बरामद किए गए। बरामदगी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले का उद्भेदन बेहद कम समय में किया गया, जो पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समन्वय का परिणाम है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ परसौनी थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

बरामद किए गए सामान में कुर्सियां, साउंड बॉक्स (ट्रॉली सहित), मेगाफोन, इन्वर्टर एवं बैटरी, पंप सेट, स्टेबलाइजर, माइक्रोफोन, सीलिंग फैन, खाद्यान्न (मूंग और चावल के बोरे), घरेलू एवं व्यावसायिक सिलेंडर, स्कूल बैग, किताबें, स्टील के बर्तन और अन्य सामग्री शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि अपराधियों में भय का माहौल बना रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version