सीतामढ़ी, 18 सितंबर 2026। बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम में अपर समाहर्ता संजीव कुमार ने समाहरणालय के विमर्श कक्ष में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें सीधे अपर समाहर्ता के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, बिजली, पेयजल, सड़क, राशन कार्ड और अतिक्रमण समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए।
अपर समाहर्ता ने प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा-संवाद-समाधान’ के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है। इससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया तेज करने के साथ प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।
