सीतामढ़ी, 18 सितंबर 2026। अपर समाहर्ता (राजस्व) संजीव कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय के विमर्श सभा कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था बेहतर करने और सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को लेकर विभिन्न विभागों की समीक्षा की गई।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और सड़क किनारे खड़े अनधिकृत भारी वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके लिए सप्ताह में कम से कम दो दिन विशेष जांच अभियान चलाने को कहा गया।

अपर समाहर्ता ने ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ भी सख्ती के निर्देश दिए। पुलिस, मद्यनिषेध और परिवहन विभाग को मुख्य मार्गों व संवेदनशील स्थानों पर नियमित जांच करने तथा ब्रेथ एनालाइजर के जरिए नशे में वाहन चलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। जरूरत के अनुसार संवेदनशील स्थानों पर चेक पोस्ट बढ़ाने और विभिन्न विभागों की संयुक्त जांच कराने का भी निर्देश दिया गया।

सड़क दुर्घटना में घायलों को गोल्डन ऑवर के भीतर इलाज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय के निर्देश दिए गए।

बैठक में गुड सेमेरिटन प्रावधानों के प्रति लोगों को जागरूक करने और दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया। वहीं हिट एंड रन मामलों के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निष्पादन कर पात्र पीड़ितों और आश्रितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अपर समाहर्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रवर्तन के साथ जन-जागरूकता भी जरूरी है। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने तथा युवाओं को हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा, नशे में वाहन न चलाने और यातायात संकेतों के पालन के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी निशांत कुमार सहित पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस, मद्यनिषेध, परिवहन, एनएचएआई, खनन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version