सीतामढ़ी, 25 अगस्त 2026। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों में चल रहे कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने और आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
राशन कार्ड निर्माण में धीमी गति पर जताई नाराजगी
राशन कार्ड निर्माण की समीक्षा के दौरान डीएम ने लंबित आवेदनों के ई-केवाईसी, ऑनलाइन एंट्री और राशन कार्ड जनरेशन में तेजी लाने को कहा। समीक्षा में जिले में अब तक सिर्फ 109 राशन कार्ड जनरेट होने की जानकारी सामने आई। इनमें सदर अनुमंडल की प्रगति सबसे खराब पाई गई।
इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी और सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड निर्माण से जुड़ी ऑनलाइन एंट्री, ई-केवाईसी और जनरेशन की रफ्तार बेहद धीमी है। पूरी सप्लाई टीम को इस काम में लगाया जाए और शनिवार शाम तक प्रगति में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों को लेकर भी दिए निर्देश
आईसीडीएस की समीक्षा के दौरान डीएम ने ऐसे आंगनबाड़ी केंद्र, जिनका अपना भवन नहीं है, उन्हें जल्द से जल्द नजदीकी विद्यालय में स्थानांतरित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इस कार्य के लिए सभी बीडीओ, सीडीपीओ और डीपीओ आईसीडीएस को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया।
जहां नए आंगनबाड़ी भवन के लिए भूमि चिन्हित हो चुकी है, वहां जल्द NOC प्राप्त कर निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया। इसके लिए सभी अंचल अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।
डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
परिमार्जन के मामलों पर सख्ती
राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने परिमार्जन से संबंधित मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिमार्जन से जुड़े कोई भी मामले 15 दिनों से अधिक पुराने लंबित नहीं रहने चाहिए।
इसके अलावा ऑनलाइन म्यूटेशन, दाखिल-खारिज और परिमार्जन समेत अन्य राजस्व मामलों के निष्पादन में लापरवाही या अनावश्यक देरी को गंभीरता से लेने की बात कही गई। अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सहयोग शिविर के प्रचार-प्रसार पर जोर
डीएम ने सहयोग शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को इसकी जानकारी मिले, ताकि अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त हो सकें।
प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध तरीके से डिजिटलीकरण और निष्पादन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित नोडल पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को दी गई।
बैठक में डीडीसी श्वेता भारती, एडीएम संजीव कुमार और डीपीआरओ कमल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।#Sitamarhi #SitamarhiNews #TanaySultania #RationCard #RationCardNews #EKYC #ICDS #Anganwadi #RevenueNews #Parimarjan #Mutation #DakhilKharij #SahyogShivir #BiharNews #सीतामढ़ी #राशनकार्ड #आंगनबाड़ी #राजस्व #बिहारन्यूज़
