सीतामढ़ी, 18 सितंबर 2026। 51वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, सीतामढ़ी-II में नागरिक कल्याण कार्यक्रम 2026-27 के तहत सीमावर्ती महिलाओं और युवतियों के लिए आयोजित ब्यूटीशियन प्रशिक्षण का समापन किया गया। साथ ही सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
कमांडेंट संजीव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में परिहार विधायक गायत्री देवी और पूर्व विधायक रामनरेश प्रसाद यादव मौजूद रहे। विधायक गायत्री देवी ने ब्यूटीशियन प्रशिक्षण का समापन और सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रशिक्षण पूरा करने वाली प्रतिभागियों को ब्यूटीशियन किट और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
ब्यूटीशियन प्रशिक्षण 17 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक कन्हौली, गोरहारी और इंदरवा के वाइब्रेंट विलेज में तीन चरणों में आयोजित हुआ। इसमें सीमावर्ती क्षेत्र की 40 युवतियों और महिलाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ब्यूटीशियन से जुड़े व्यावहारिक कौशल सिखाए गए।
वहीं, सोनबरसा, कन्हौली, कन्हवा और भिट्ठामोड़ क्षेत्र की 50 सीमावर्ती युवतियों और महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण शुरू किया गया है। यह प्रशिक्षण 18 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक चार चरणों में चलेगा। प्रशिक्षण में सिलाई के विभिन्न उपयोगी कौशल सिखाए जाएंगे।
कार्यक्रम में विधायक गायत्री देवी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सशस्त्र सीमा बल की ओर से चलाए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को व्यावहारिक कौशल उपलब्ध कराने से उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कमांडेंट संजीव कुमार सिंह ने कहा कि एसएसबी सीमा सुरक्षा के साथ सीमावर्ती नागरिकों के कल्याण और विकास में भी सहयोग कर रहा है। उन्होंने बताया कि ब्यूटीशियन, सिलाई, बेसिक कंप्यूटर, भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण, मशरूम उत्पादन और प्लंबिंग जैसे विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा सोनबरसा और कन्हौली के पंचायत भवनों में पुस्तकों के भंडारण की व्यवस्था भी की जानी है।
