सीतामढ़ी जिले के बेला थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे आधार कार्ड सेवा केंद्र का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार करते हुए कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को करीब शाम 4 बजे बेला थाना टीम को सूचना मिली कि चांदी रजवाड़ा क्षेत्र में एक दुकान के भीतर अवैध रूप से ग्राहक सेवा केंद्र (CSC) चलाकर पैसे लेकर आधार कार्ड बनाने और उसमें संशोधन का कार्य किया जा रहा है।

सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े कई उपकरण बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना वैध अनुमति के आधार से संबंधित कार्य कर रहा था और लोगों से इसके लिए पैसे वसूल रहा था।

पुलिस ने मौके से सुबोध कुमार (निवासी मनकथर, थाना बेला, जिला सीतामढ़ी) को गिरफ्तार किया है। मामले में बेला थाना कांड संख्या 62/26 दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही, पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो लैपटॉप, एक फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक आईरिस स्कैनर, वेब कैमरा, प्रिंटर, मोबाइल फोन, अंगूठे के निशान से संबंधित उपकरण (थंब इम्प्रेशन रबर स्टैम्प) और आधार कार्ड से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा आधार कार्ड की रसीदें और जन्मतिथि सुधार से संबंधित कई छायाप्रतियां भी मिली हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अवैध केंद्र न केवल लोगों के साथ धोखाधड़ी करते हैं, बल्कि संवेदनशील पहचान डेटा के दुरुपयोग का भी खतरा बढ़ाते हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version