सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध युवकों को अवैध हथियार और भारी मात्रा में नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 26 मई 2026 की रात करीब 9:35 बजे बौरा मोड़ के समीप वाहन जांच और छापेमारी के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार चार युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल, दो कारतूस और 133.5 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
इस मामले में पुपरी थाना कांड संख्या 144/26 दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श कुमार निवासी बौरा, करण कुमार निवासी सघियाह, राहुल कुमार निवासी झझिहट और मोहम्मद इरशाक शेख निवासी झझिहट के रूप में हुई है। सभी आरोपी पुपरी थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब और हथियार की सप्लाई कहां से की जा रही थी।
