नया सवेरा अभियान-3.0’ के तहत सीतामढ़ी में निबंध प्रतियोगिता, बच्चों ने दिया बाल संरक्षण का संदेश

बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित ‘नया सवेरा अभियान-3.0’ के तहत सीतामढ़ी पुलिस और अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में सोनबरसा प्रखंड के भुतही स्थित आर.बी.बी.सी. बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा श्री जागेश्वर उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल श्रम, मानव तस्करी, बाल विवाह और बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

प्रतियोगिता के आयोजन में बिहार नव निर्माण फाउंडेशन ने भी सक्रिय सहयोग दिया। दोनों विद्यालयों के 110 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने निबंधों के माध्यम से बाल संरक्षण का संदेश दिया और “बाल श्रम, मानव तस्करी एवं बाल विवाह मुक्त सीतामढ़ी” के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मानव तस्करी निरोध इकाई के प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार सिंह ने कहा कि सामाजिक जागरूकता अभियानों में बच्चों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं समाज में सकारात्मक बदलाव के प्रभावी वाहक बन सकते हैं और उनकी सक्रिय सहभागिता से बाल संरक्षण संबंधी अभियान अधिक प्रभावशाली बनते हैं।

इस अवसर पर बाल अधिकार कार्यकर्ता मुकुंद कुमार चौधरी, बिहार नव निर्माण फाउंडेशन के सचिव मो. कमर अख्तर तथा विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने भी विद्यार्थियों को बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों, उनके अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी। वक्ताओं ने बच्चों से बाल श्रम, मानव तस्करी, बाल विवाह और बंधुआ मजदूरी जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।

आयोजकों ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अगले दिन आयोजित सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक पंकज कुमार, प्रधानाध्यापक अकिल अहमद, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह आयोजन बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने और बाल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version