सीतामढ़ी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए सीतामढ़ी ट्रैफिक पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रोको-टोको अभियान के साथ सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही है। इसके साथ ही वाहनों की गहन जांच कर सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
वाहन जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी कर रही है। हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और अन्य सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान और अन्य विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और जिले में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
सीतामढ़ी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
