समाहरणालय, सीतामढ़ी
जिलाधिकारी श्री रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं आईटीआई संस्थानों के प्रधानाचार्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षणिक संस्थानों के समुचित संचालन, नवाचार को प्रोत्साहन देने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी शैक्षणिक संस्थानों के साथ एक-एक नोडल पदाधिकारी नामित किए जाएँ। नामित नोडल पदाधिकारी प्रत्येक माह कम से कम एक दिन संबंधित संस्थान का भ्रमण करेंगे तथा वहाँ की प्रशासनिक गतिविधियों, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, भवन की स्थिति, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे संस्थानों में अनुशासन, बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संस्थानों के प्रधानाचार्यों से कॉलेजों में संचालित प्लेसमेंट गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की तथा विद्यार्थियों को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्लेसमेंट गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर ओएसडी श्री ऋषव सहित इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं आईटीआई संस्थानों के सभी प्रधानाचार्य उपस्थित थे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
