बैरगनिया (सीतामढ़ी) | संवाददाता
बैरगनिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में ‘परिवार नियोजन पखवाड़ा’ (06 मार्च से 20 मार्च) की सफलता सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण अंतर्विभागीय समन्वय (कन्वर्जेंस) बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार गौर ने की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य विभाग और गैर-सरकारी सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर, सरकारी योजनाओं का लाभ हर योग्य दंपति तक पहुंचाना था।
सुखी दाम्पत्य जीवन का आधार है परिवार नियोजन
बैठक को संबोधित करते हुए बी डी ओ श्री कुमार ने कहा कि परिवार नियोजन सुखी दाम्पत्य जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि योग्य दंपति आपस में विचार कर अपने परिवार की योजना बनाएं। सही उम्र में गर्भधारण करने और दो बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतर रखने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होता है, जिससे पूरे परिवार में खुशहाली आती है। हमारी यह साझा जिम्मेदारी है कि हम सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे साधनों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं।
प्रखंड से लेकर आशा स्तर तक मुफ्त सेवाएं उपलब्ध
पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम लीड दुर्गा प्रसाद सिंह ने सभी विभागों से सहयोग की अपील करते हुए बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर कई सुविधाएं बिल्कुल मुफ्त हैं:

  • स्थायी साधन: जिनका परिवार पूरा हो गया है, उनके लिए प्रखंड स्तर पर महिला बंध्याकरण, पुरुष नसबंदी और लंबे समय तक प्रभावी कॉपर-टी की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।
  • अस्थायी साधन: दो बच्चों के जन्म में अंतर रखने के लिए आशा कार्यकर्ताओं के स्तर पर माला-एन, साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली ‘छाया’, त्रैमासिक सुई ‘अंतरा’, इमरजेंसी पिल और कंडोम आदि मुफ्त दिए जा रहे हैं।
    यह अभियान भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के ‘मिशन परिवार विकास’ का हिस्सा है, जिसे उच्च प्रजनन दर वाले 146 जिलों में साल में चार बार विशेष अभियान के तौर पर चलाया जाता है।
    फाइलेरिया और कालाजार उन्मूलन पर भी हुआ मंथन
    बैठक के अंतिम चरण में पिरामल फाउंडेशन के रोहित कुमार द्वारा फाइलेरिया नियंत्रण के लिए चल रहे एमडीए (MDA) कार्यक्रम की समीक्षा की गई और मॉप-अप राउंड के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने फाइलेरिया और कालाजार उन्मूलन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी विभागों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
    इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अब्दुल बहाव, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सरिता कुमारी, बी एच एम संजय कुमार, बीसीएम सर्वानंद पाण्डेय,महिला पर्यवेक्षिका, बी ए एम मुकेश कुमार, बीएमएंडई रंजीत कुमार, काउंसलर अशोक कुमार, सभी सीएचओ (CHO) के साथ-साथ पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि और पीएसआई इंडिया (PSI India) से अनुज मिश्रा सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Share.
Leave A Reply

Exit mobile version