शिवहर के डीडीसी बृजेश कुमार पर निगरानी का शिकंजा, आय से अधिक संपत्ति मामले में कई ठिकानों पर छापेमारी जारी*
शिवहर एक्सप्रेस—
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत विशेष निगरानी इकाई ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवहर के वर्तमान उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है।
इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
विशेष निगरानी इकाई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धाराओं 13(1)(b), 13(2) और 12 के तहत कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया है। आरोप है कि बृजेश कुमार ने अपने सेवा काल के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए अवैध तरीके से लगभग 1 करोड़ 84 लाख 32 हजार 900 रुपये की संपत्ति अर्जित की, जो उनके ज्ञात आय स्रोतों से अधिक है।
सूत्रों के अनुसार, निगरानी टीम ने सुबह-सुबह ही कार्रवाई शुरू कर दी। विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। यह कार्रवाई बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर स्थित सरकारी कार्यालयों और आवासीय परिसरों में चल रही है।शिवहर आवास के बाद अब समाहरणालय स्थित कार्यालय में छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी के दौरान टीम द्वारा महत्वपूर्ण दस्तावेज, निवेश से जुड़े कागजात और अन्य संपत्ति के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि जांच के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ सकती है।
निगरानी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और पूरे मामले पर निगरानी विभाग की नजर बनी हुई है। इस कार्रवाई को प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
