31 जनवरी 2026 को समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने की। इस दौरान जिले के सभी प्रखंडों में शिक्षा से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं, उच्च शिक्षा के विस्तार और विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के लिए भूमि उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन प्रखंडों में अब तक भूमि चिन्हित नहीं की गई है, वहां शीघ्र चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी की जाए ताकि उच्च शिक्षा के विस्तार में कोई बाधा न आए।

विद्यालय परिसरों की सुरक्षा को लेकर चारदीवारी निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में चारदीवारी नहीं बनी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।

भूमिहीन विद्यालयों की समस्या पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को ऐसे विद्यालयों के लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने हेतु ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा, अपार आईडी के अंतर्गत छात्रों के नामांकन की प्रगति तेज करने, कुशल युवा कार्यक्रम में नामांकन को गति देने और जिले के मॉडल स्कूलों को आधारभूत संरचनाओं से सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रखंड पदाधिकारी और संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version