समाहरणालय, सीतामढ़ी
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक–31–10–2026
कायाकल्प अभियान की प्रगति की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भूमि की उपलब्धता, लंबित अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) तथा निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आज विमर्श सभा कक्ष में कायाकल्प अभियान एवं विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भूमि की उपलब्धता, लंबित अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) तथा निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पंचायत सरकार भवन, विभिन्न विद्यालयों, कल्याण छात्रावास भवन, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता तथा संबंधित अंचलों से अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने की स्थिति की योजना-वार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित हो चुकी है, उनसे संबंधित अनापत्ति प्रमाण पत्र संबंधित अंचलाधिकारी अविलंब निर्गत करना सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। 
(कायाकल्प अभियान को गति देने के लिए प्रतिदिन होगी प्रखंड स्तरीय समन्वय बैठक)
बैठक में वर्तमान में संचालित कायाकल्प अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित प्रखंड स्तरीय एवं तकनीकी पदाधिकारी प्रतिदिन समन्वय बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि प्रखंड, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर चिन्हित योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। अभियान के तहत विभिन्न संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण, मरम्मती एवं अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
(पर्व-त्योहारों के मद्देनजर शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश)
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं सभी नगर परिषद क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख सड़कों एवं आवागमन वाले क्षेत्रों में स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा।
(वी.बी.-जी राम जी योजना के तहत 258 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का होगा निर्माण)
बैठक में जानकारी दी गई कि वी.बी.-जी राम जी योजना के तहत जिले में 258 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जाना है। इस योजना के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को भूमि की उपलब्धता, अनापत्ति प्रमाण पत्र एवं निर्माण से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागीय समन्वय, नियमित समीक्षा और समयबद्ध कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्वेता भारती, एडीएम राजस्व संजीव कुमार,सिविल सर्जन डॉ आर के यादव सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे जबकि सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी ,सभी तकनीकी विभागों के अभियंता वीसी के माध्यम से जुड़े हुए थे।
