चोलापुर में रविवार को चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। धरसौना स्थित कांग्रेस कार्यालय से अजगरा विधानसभा प्रभारी राजीव कुमार राजूराम, जिला महासचिव वीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला महासचिव रमेश सिंह और न्याय पंचायत अध्यक्ष सागर चौहान को पुलिस चोलापुर थाने ले गई।
इसी को लेकर धरसौना स्थित कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ता जुट रहे थे। वहां कार्यालय की देखरेख कर रहे सच्चिदानंद सिंह उर्फ बच्चा सिंह से बातचीत के दौरान पुलिस पहुंच गई और राजीव कुमार राजूराम, वीरेंद्र प्रताप सिंह तथा सागर चौहान को थाने ले गई। उधर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज कुमार चौबे ने बताया कि दानगंज चौकी प्रभारी जितेंद्र राजभर ने उन्हें फोन कर किसी काम से चौकी बुलाया था।
वहां पहुंचने के बाद उन्हें पूरे दिन चौकी पर बैठाए रखा गया।पार्टी पदाधिकारियों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने पर योगेंद्र सिंह, दिलीप चौबे, अमरनाथ मिश्रा, रमेश सिंह समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता चोलापुर थाने पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लेकर थाने में बैठा दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन की तैयारी की थी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के कारण कार्यक्रम नहीं हो सका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पार्टी का अभियान चल रहा है। इसी क्रम में चोलापुर में विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित था।
