मधुबनी, 30 मई 2026। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी एवं सभी अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निष्पादित मामलों, अतिक्रमण से जुड़े प्रकरणों, दायर परिवादों के समेकित प्रतिवेदन, प्रथम एवं द्वितीय प्रतिवेदन तथा विभिन्न कार्यालयों से संबंधित निष्पादित मामलों की प्रगति का आकलन किया गया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला एवं अनुमंडल स्तर पर प्राप्त शिकायतों, उनके निष्पादन की प्रगति, लंबित मामलों की संख्या और पारित आदेशों के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कुछ मामलों में शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब हो रहा है, जिस पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि लोक शिकायत निवारण प्रणाली सरकार और आम जनता के बीच विश्वास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि पारित आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा जिन मामलों में विभिन्न विभागों के समन्वय की आवश्यकता हो, वहां त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखने, सुनवाई प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सहित सभी अनुमंडलों के अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि लोक शिकायत निवारण अधिनियम का उद्देश्य नागरिकों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
