मधुबनी, 30 मई 2026। मधुबनी जिले में एलपीजी गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और नियंत्रित है। जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

जिला प्रशासन के अनुसार 30 मई 2026 तक जिले में कुल 33,741 एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। विभिन्न तेल कंपनियों—आईओसीएल, एचपीसीएल एवं बीपीसीएल—के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जिले में वर्तमान में 99 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं।

प्रशासन ने बताया कि पूर्व में की गई जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर चार गैस एजेंसियों को सील किया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बुकिंग और आपूर्ति की स्थिति

आंकड़ों के अनुसार 1 मार्च 2026 से 29 मई 2026 तक जिले में कुल 12,39,180 गैस बुकिंग दर्ज की गई हैं। बुकिंग के अनुरूप सिलेंडरों की आपूर्ति भी लगातार की जा रही है।

केवल 29 मई 2026 को एक दिन में 12,873 गैस बुकिंग प्राप्त हुईं, जबकि उसी दिन तेल कंपनियों से जिले को 13,811 एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए गए।

शत-प्रतिशत होम डिलीवरी के निर्देश

जिला प्रशासन ने सभी गैस वितरकों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक उपभोक्ता तक गैस सिलेंडर की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि किसी एजेंसी द्वारा अतिरिक्त राशि की मांग की जाती है, उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है या वितरण में लापरवाही बरती जाती है, तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग न करें, घरेलू गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों में करें तथा कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध भंडारण की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडार

प्रशासन के अनुसार जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। 30 मई 2026 को जिले में 571.3 हजार लीटर पेट्रोल तथा 758.2 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल का स्टॉक उपलब्ध था।

जिला प्रशासन ने लोगों से पेट्रोल और डीजल का अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। प्रशासन ने कहा कि संपूर्ण स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version