14 नवंबर बाल दिवस का दिन आर्यन इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य अमिता चौधरी के नेतृत्व में चार विद्यार्थियों को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन का भ्रमण भी किया।

राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले विद्यार्थियों में रिदम बत्रा, श्री शर्मा, अर्नव मित्तल एवं एकजोत सिंह शामिल रहे। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति से सीधे संवाद करना विद्यार्थियों के लिए गर्व और उत्साह का विषय रहा। इस मुलाकात ने उनके भीतर नई ऊर्जा और कुछ नया करने का आत्मविश्वास जगाया।

छात्र रिदम बत्रा ने राष्ट्रपति से सवाल किया कि देश के बच्चों में ऐसा कौन-सा गुण होना चाहिए, जो भारत के विकास में सहयोगी बने। रिदम ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जवाब देते हुए कहा कि बच्चों में सबसे पहले आत्मविश्वास होना चाहिए। आत्मविश्वास के बल पर वे जीवन की सभी बाधाओं को पार कर सकते हैं। साथ ही प्रत्येक बच्चे का शिक्षित होना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे भारत के प्रत्येक बच्चे को शिक्षित देखना चाहती हैं।

कक्षा 10 के 15 वर्षीय छात्र अर्नव मित्तल ने राष्ट्रपति से मुलाकात को अपने जीवन का बेहद गौरवपूर्ण और यादगार अनुभव बताया। वहीं, कक्षा 8 के 13 वर्षीय छात्र एकजोत सिंह राष्ट्रपति से मुलाकात को एक सपना जैसा बताया। कक्षा 9 की 14 वर्षीय छात्रा श्री शर्मा ने भी इस अवसर को अपने लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनके लिए यह पल यादगार बन गया है।

राष्ट्रपति से मुलाकात की गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य अंकुर अग्रवाल, कुलदीप मित्तल एवं निखिल अग्रवाल ने विद्यार्थियों और प्रधानाचार्या अमिता चौधरी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अवसर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी राष्ट्रपति से मिली प्रेरणा को अपने जीवन में अपनाकर शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे। राष्ट्रपति से मुलाकात और राष्ट्रपति भवन का भ्रमण आर्यन इंटरनेशनल स्कूल के इतिहास में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में याद रखा जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version