मधुबनी

स्थानीय खेल भवन सह व्यायामशाला, मधुबनी (वाटसन उच्च विद्यालय परिसर) में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका तलवारबाजी प्रतियोगिता का आज भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधान पार्षद श्री घनश्याम ठाकुर उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला खेल पदाधिकारी श्री नीतीश कुमार ने किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री घनश्याम ठाकुर ने सभी प्रतिभागी बालिकाओं के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि यह बेटियों में आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने मधुबनी जिला प्रशासन और खेल विभाग को इस सफल और अनुशासित आयोजन के लिए बधाई दी।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि श्री घनश्याम ठाकुर और जिला खेल पदाधिकारी श्री नीतीश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न प्रमंडलों से हुए विजेता, उपविजेता और प्रतिभागी बालिकाओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

जिला खेल पदाधिकारी श्री नीतीश कुमार ने जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में दो दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन , तकनीकी टीम, विभिन्न प्रमंडलों से आए कोच, रेफरी और आयोजन समिति के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने विशेष रूप से मैच देखने आए विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शारीरिक शिक्षकों की सराहना की, जिन्होंने खिलाड़ियों का निरंतर उत्साहवर्धन किया।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के द्वारा तकनीकी पदाधिकारी के रूप में राकेश कुमार, संदीप कुमार, राजन कुमार, अंकित कुमार ,प्रवीण कुमार ,राजेश कुमार ,शिवम कुमार, सत्यम कुमार ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस समापन अवसर पर जिले के कई गणमान्य नागरिक, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाध्यापक, खेल शिक्षक और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version