मधुबनी,

स्थानीय खेल भवन, मधुबनी (वाटसन उच्च विद्यालय परिसर) में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका तलवारबाजी प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्कूलों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने लाइव मैच का आनंद लिया। इस दौरान जिला शिक्षा परियोजना के निर्देशानुसार चिन्हित नगर क्षेत्र के प्रमुख विद्यालयों के बच्चे अपने-अपने शारीरिक शिक्षकों (Physical Teachers) की देखरेख में ससमय खेल स्थल पर पहुंचे।
मैच देखने के लिए मुख्य रूप से सू०ना० सिं० दे० ना० मु० वाटसन उच्च विद्यालय, वाटसन मध्य विद्यालय, शिवगंगा बालिका उच्च विद्यालय, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय (भौआड़ा), मध्य विद्यालय (भौआड़ा), जी०एम०एस०एस० उच्च विद्यालय, और महंत युगल नारायण +2 उच्च विद्यालय, मधुबनी के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
मधुबनी जिले के स्कूली बच्चों के लिए तलवारबाजी (Fencing) का यह खेल बिल्कुल नया, अनूठा और आकर्षण का केंद्र रहा। इन सभी विद्यालयों से आए बच्चों में प्रतियोगिता को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। बच्चों ने ताली बजाकर और पूरे जोश के साथ विभिन्न प्रमंडलों (पटना, तिरहुत, मगध, मुंगेर, भागलपुर और मोतिहारी एकलव्य केंद्र) से आईं बालिका खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। राष्ट्रीय स्तर के इस खेल की बारीकियों और दांव-पेचों को लाइव देखकर स्कूली बच्चे बेहद रोमांचित नजर आए।
उपस्थित अधिकारियों और खेल शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों में बच्चों की सहभागिता से उनमें खेलों के प्रति न केवल रुचि बढ़ती है, बल्कि खेल की भावना और अनुशासन का भी विकास होता है। कई बच्चों ने मैच देखने के बाद इस नए खेल को सीखने और भविष्य में इसमें आगे बढ़ने की भी इच्छा जाहिर की।
इस अवसर पर बच्चों की सुरक्षा और ससमय आवागमन को लेकर उक्त सभी विद्यालयों के शारीरिक शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक पूरी तरह मुस्तैद रहे, जिससे बच्चों ने बिना किसी असुविधा के इस भव्य राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का लुप्त उठाया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version