नई दिल्ली: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने देश के युद्धोत्तर इतिहास में नया रिकॉर्ड कायम किया है। मेलोनी सरकार ने लगातार 1,413 दिन सत्ता में रहते हुए इटली की सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार बनने का गौरव हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को बधाई दी और उन्हें अपना ‘मित्र’ बताया। पीएम मोदी के संदेश के जवाब में मेलोनी ने भी नरेंद्र मोदी को ‘प्रिय मित्र’ कहकर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत और इटली के बीच संबंध मौजूदा समय में पहले के मुकाबले और अधिक मजबूत हुए हैं।
भारत और इटली ने मई 2026 में अपने द्विपक्षीय संबंधों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर तक पहुंचाया था। इस साझेदारी के तहत दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार और निवेश, तकनीक तथा India-Middle East-Europe Economic Corridor (IMEC) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
दोनों देशों ने वर्ष 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसके अलावा रक्षा क्षेत्र में तकनीकी सहयोग बढ़ाने और सह-उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर भी दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी है।
भारत-इटली के बीच बढ़ता रणनीतिक सहयोग दोनों देशों के आर्थिक, तकनीकी और रक्षा संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
