बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज से अपहृत चल रहे छह वर्षीय बालक अंगदवीर का शव बुधवार को मध्य गंग नहर किनारे घने जंगल के बीच आशा देवी मंदिर के समीप आरोपित की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया।

सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि बच्चों की अपहरण के बाद गला रेतकर हत्या की गई और शव को घने जंगलों में फेंक दिया। सूचना मिलते ही स्वजन में हड़कंप मच गया। सीओ पंकज लवानिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, अंगदवीर के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए।

शव को देखकर स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया‌। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

सीओ ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आ रहा है। जिसके चलते बच्चों को रास्ते से हटाने के लिए मां ने प्रेमी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। उधर, बालक का शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों को कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version