जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 11 जुलाई 2026 को जिले में 13,789 एलपीजी उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई। वहीं विभिन्न तेल कंपनियों से कुल 14,875 एलपीजी सिलेंडर जिले में प्राप्त हुए, जिससे मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
आंकड़ों के अनुसार इंडियन ऑयल (IOCL) से 5,341, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) से 4,752 और भारत पेट्रोलियम (BPCL) से 4,782 गैस सिलेंडर जिले में पहुंचे हैं।
होम डिलीवरी पर प्रशासन का जोर
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक उपभोक्ता तक शत-प्रतिशत होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई गैस एजेंसी उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि वसूलती है, अनावश्यक रूप से परेशान करती है या वितरण में लापरवाही बरतती है, तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं से की गई अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आवश्यकता होने पर ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें और घरेलू एलपीजी का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए करें।
इसके साथ ही कालाबाजारी, जमाखोरी या गैस के अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करने का अनुरोध किया गया है। शिकायत या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर संपर्क किया जा सकता है।
पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक
प्रशासन के मुताबिक जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। 12 जुलाई 2026 की स्थिति के अनुसार जिले में 950.3 हजार लीटर पेट्रोल और 1115.2 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल का स्टॉक उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने लोगों से पेट्रोल और डीजल का अनावश्यक भंडारण नहीं करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सामान्य है तथा पूरे वितरण तंत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#Madhubani #LPG #GasCylinder #Petrol #Diesel #BiharNews #MadhubaniNews #IOCL #HPCL #BPCL #LPGBooking #FuelUpdate #HindiNews #Petroleum #GasNews
