मधुबनी। मधुबनी जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को जिले में 13,406 एलपीजी उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई। वहीं, विभिन्न तेल कंपनियों की ओर से कुल 11,030 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई।
आंकड़ों के मुताबिक, इंडियन ऑयल (IOCL) ने 1,948, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने 4,155 और भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने 4,927 गैस सिलेंडर जिले में उपलब्ध कराए।
गैस वितरण व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन ने कहा है कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बुकिंग के अनुरूप तेजी से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
100 प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश
प्रशासन ने जिले की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक उपभोक्ता तक 100 प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई गैस एजेंसी अतिरिक्त राशि वसूलती है, वितरण में लापरवाही बरतती है या उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करती है, तो उसके विरुद्ध प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं से की गई ये अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता गैस की बुकिंग न करें तथा घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही करें। इसके अलावा कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध भंडारण की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की भी अपील की गई है।
किसी भी शिकायत या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर संपर्क किया जा सकता है।
पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
प्रशासन के अनुसार, जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। 21 जुलाई 2026 की स्थिति के अनुसार जिले में 9.47 लाख लीटर पेट्रोल और 11.74 लाख लीटर हाई स्पीड डीजल का स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन ने लोगों से पेट्रोल और डीजल का अनावश्यक भंडारण नहीं करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
जिला प्रशासन ने कहा है कि पूरे जिले में गैस एवं पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
