मधुबनी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि पदाधिकारी की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने फार्मर रजिस्ट्री अभियान, वर्षापात की स्थिति, खरीफ 2026 में धान की नर्सरी और रोपनी की प्रगति, उर्वरकों की उपलब्धता, बीज वितरण, कृषि इनपुट अनुदान, मिट्टी जांच, आत्मा योजनाओं और पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा की।

खरीफ फसल को लेकर दिए गए विशेष निर्देश

समीक्षा बैठक में खरीफ मौसम को देखते हुए किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को धान रोपनी में तेजी लाने और मौसम की परिस्थितियों के अनुसार किसानों को आवश्यक कृषि परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा खाद की कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई जारी रखने को कहा गया।

फार्मर रजिस्ट्रेशन और योजनाओं के लाभ पर जोर

जिला कृषि पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों का शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और फसल बीमा से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कराने तथा बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया, ताकि पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में कृषि इनपुट अनुदान, मिट्टी जांच, कृषि प्रशिक्षण, कृषि यंत्रीकरण, सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन और अन्य कृषि योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने के लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

मत्स्य और पशुपालन योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, समेकित मत्स्य विकास योजना, मत्स्य बीज उत्पादन, तालाब विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रम, मत्स्य विपणन, मत्स्य वाहन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और फसल बीमा सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

इसके अलावा पशुपालन विभाग की ओर से संचालित टीकाकरण अभियान, कृत्रिम गर्भाधान, मोबाइल वेटेरिनरी यूनिट, पशु स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं का लाभ समय पर लाभुकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित कृषि विभाग से जुड़े सभी पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version