मधुबनी, 28 अगस्त 2026। जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को ‘सेवा-संवाद-समाधान’ अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर समाहर्ता राजेश कुमार ने आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से जुड़े कार्यों में आने वाली परेशानियों को दूर करना और प्रशासन तथा जनता के बीच सीधे संवाद को मजबूत करना है। जिले के अलग-अलग प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित पदाधिकारियों को वर्चुअल माध्यम से भी जोड़ा गया।
शिक्षा, पेंशन, स्वास्थ्य और जमीन से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं
जनसंवाद के दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों ने अलग-अलग विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं।
झंझारपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय ओलीपुर के विशिष्ट शिक्षक विकास कुमार ने प्रधानाध्यापक द्वारा निर्धारित रूटीन से अधिक कक्षाएं लेने का दबाव बनाने और मानसिक रूप से परेशान किए जाने की शिकायत की।
कलुआही प्रखंड की अमला देवी ने अपने सेवानिवृत्त शिक्षक पति की वर्षों से लंबित बकाया अंतर राशि के भुगतान की मांग को लेकर आवेदन दिया।
वहीं, अंधराठाढ़ी प्रखंड के सौरभ कुमार मेहता ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के चिकित्सक पर ड्यूटी रोस्टर का पालन नहीं करने और निजी नर्सिंग होम संचालित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
राजनगर प्रखंड के बिनोद कुमार चौधरी ने समिति का निर्णय होने के बावजूद निजी भूमि को रोक सूची से मुक्त नहीं किए जाने की शिकायत की।
रहिका प्रखंड की सविता देवी ने उद्योग विभाग से संबंधित PMEGP Loan में अनुदान एडजेस्टमेंट जारी नहीं किए जाने को लेकर आवेदन दिया।
इसके अलावा बाबूबरही प्रखंड के राजकुमार सिंह ने ग्राम बरैल में सार्वजनिक भूमि पर किए गए कथित अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग की।
वहीं, कलुआही प्रखंड के मलमल गांव निवासी अगम लाल यादव ने करीब 45 वर्षों से दखल-कब्जे वाली गैर-मजरुआ जमीन का बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन दिया।
संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी अपने-अपने कार्यालयों में मौजूद रहे और जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर समाहर्ता राजेश कुमार ने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनहितैषी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।
हर महीने पंचायत स्तर पर लगता है ‘सहयोग शिविर’
अपर समाहर्ता ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाता है। यह ऑनलाइन व्यवस्था है, जिसके माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन किया जाता है।
नागरिक अपनी शिकायतों के समाधान के लिए RTMS ‘सहयोग’ पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक महीने के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है। अधिकारियों को विद्यालयों और छात्रावासों में इन शिविरों के आयोजन, विद्यार्थियों की सहभागिता, शिकायतों के रिकॉर्ड और उनके अनुश्रवण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थी अपनी शिकायतें सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। ऑनलाइन शिकायत के लिए भी सहयोग पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है।
#Madhubani #मधुबनी #MadhubaniNews #BiharNews #SevaSamvadSamadhan #सेवासंवादसमाधान #SabkaSammanJeevanAasan #सबकासम्मानजीवनआसान #EaseOfLiving #JanSunwai #जनसुनवाई #SahyogPortal #PMEGP #BiharGovernment
