मधुबनी, 14 सितंबर 2026। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत आयोजित ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम में आम नागरिकों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आम नागरिकों को सरल और प्रभावी मंच उपलब्ध कराना तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद को और मजबूत बनाना है।
भूमि विवाद और अतिक्रमण समेत कई शिकायतें पहुंचीं
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे नागरिकों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण समेत अलग-अलग मामलों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
अरेर थाना क्षेत्र के धकजरी गांव निवासी किरण देवी ने अंचल अमीन द्वारा सीमांकन की गई जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने को लेकर आवेदन दिया। वहीं, आरके कॉलेज, मधुबनी में 200 रुपये अतिरिक्त शुल्क लिए जाने और इसका स्पष्ट कारण नहीं बताए जाने की शिकायत भी सामने आई।
रहिका प्रखंड निवासी राजकुमार पासवान ने निजी जमीन पर जबरन अतिक्रमण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, मधुबनी के नवटोली गांव निवासी विकास कुमार झा ने एक ही भूमि की तीन अलग-अलग मापी रिपोर्ट तैयार किए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच कराने के लिए आवेदन दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी अपने-अपने कार्यालय कक्षों में मौजूद रहे और नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
हर शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाता है। यह पूरी तरह ऑनलाइन व्यवस्था है, जिसके माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन किया जाता है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए घर बैठे RTMS ‘सहयोग’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। इससे शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने और उनके निष्पादन की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए:
RTMS ‘सहयोग’ पोर्टल
आवेदन की प्रक्रिया:
- सहयोग पोर्टल पर जाएं।
- अपनी शिकायत या समस्या ऑनलाइन दर्ज करें।
- आवेदन जमा कर उसके निष्पादन की प्रक्रिया का अनुश्रवण करें।
