मधुबनी। जिले भर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा रहा है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जिले के 417 स्थानों पर कुल 834 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार स्वयं जिले की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा पल-पल की गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके अलावा सभी प्रखंडों के वरीय अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था की स्थिति की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।
जिला नियंत्रण कक्ष से भी पूरे जिले की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत या सहायता की आवश्यकता होने पर जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-224425 पर संपर्क करें।
प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की है।
