मधुबनी जिला प्रशासन ने प्रस्तावित राज्यस्तरीय मुख्यमंत्री सहयोग शिविर कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा कर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाई गई है।
प्रशासन के अनुसार, अधिकांश शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका समाधान कराया गया है, जबकि कुछ मामलों में विभागीय प्रक्रिया जारी है।
ग्रामीण कार्य विभाग से जुड़े मामले में आनंद कुमार चौबे ने रामपट्टी-पंडौल रोड से कुसमौल संस्कृत विद्यालय तक लगभग 400 मीटर सड़क निर्माण की मांग की थी। विभाग ने बताया कि सड़क का सर्वे पूरा हो चुका है और स्वीकृति व निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
पंचायती राज विभाग के अंतर्गत राजनगर प्रखंड के करहिया पश्चिम पंचायत में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में विद्युत लाइट की व्यवस्था कर दी गई है।
ऊर्जा विभाग से संबंधित ग्राम बछौनी, पंचायत महिंद्रबाड़ा निवासी अभिषेक की कृषि विद्युत कनेक्शन की शिकायत का भी समाधान कर दिया गया है। उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कृषि बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा दिया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े जयमाल देवी के मामले में उनका नाम आवास प्लस 2.0 में शामिल किया गया है। पात्रता के आधार पर उन्हें योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा विनोद कुमार, रामपट्टी राजनगर की विद्युत समस्या पर छह बिजली पोल और करीब 300 मीटर विद्युत तार लगाने का कार्य पूरा किया गया है।
मंगरौनी वार्ड संख्या-16 में जलापूर्ति बहाल करने की मांग पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग ने बताया कि निविदा प्रकाशित की जा चुकी है और एकरारनामा की प्रक्रिया चल रही है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े अहमदी खातून के सरकारी भूमि अवैध हस्तांतरण मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं संजय कुमार पोद्दार के प्रधानमंत्री आवास योजना राशि भुगतान मामले में 10 जुलाई 2026 को राशि अंतरण की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है।
यदुवर कामत के अतिक्रमण हटाने संबंधी मामले में अतिक्रमण वाद दर्ज किया जा चुका है। जलजमाव समाप्त होने के बाद स्थल की मापी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और मुख्यमंत्री सहयोग शिविर के दौरान आवेदकों को सही एवं संतोषजनक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
