मधुबनी। मानसून के दौरान आम लोगों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने जिले की सभी सड़कों पर बने गड्ढों (पॉटहोल्स) की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा है कि सड़क मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और इसकी नियमित निगरानी भी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पत्र जारी कर कहा कि बारिश के कारण विभिन्न सड़कों पर गड्ढे बनने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है और लोगों के आवागमन में परेशानी होती है। इसे देखते हुए सभी कार्यपालक अभियंताओं एवं संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य उच्च पथ, प्रमुख जिला सड़क, ग्रामीण सड़क सहित सभी श्रेणी की सड़कों पर बने गड्ढों की पहचान कर उन्हें बिना विलंब भरा जाए। साथ ही मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर लगातार नजर रखी जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वर्षा ऋतु में आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण करने, कार्य की समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को भी कहा है।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सड़क के गड्ढों की मरम्मत से पहले और मरम्मत पूरी होने के बाद की जियो-टैग्ड तस्वीरें प्रतिवेदन के साथ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे कार्य का सत्यापन और निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।
जिला प्रशासन ने कहा है कि वर्षा ऋतु के दौरान सड़क सुरक्षा और निर्बाध यातायात बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रिय रहकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।