मधुबनी। जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को दक्षिणी अरेर पंचायत स्थित एनपीएस विद्यालय, सिनुआर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय भवन की भौतिक स्थिति के साथ-साथ शैक्षणिक व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण में स्कूल भवन की स्थिति काफी जर्जर और चिंताजनक पाई गई।
विद्यालय भवन की खराब स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने बच्चों की सुरक्षा और उनकी पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि विद्यालय भवन के पूरी तरह सुरक्षित होने अथवा उसके पुनर्निर्माण तक एनपीएस विद्यालय, सिनुआर में पढ़ने वाले बच्चों की कक्षाएं नजदीकी उत्क्रमित विद्यालय, सिनुआर में संचालित की जाएंगी।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर वैकल्पिक विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सुचारु एवं निर्बाध पठन-पाठन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जर्जर विद्यालय भवन की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान बेनीपट्टी के अनुमंडल पदाधिकारी सारंग पाणि पाण्डेय, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बेनीपट्टी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समेत कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन के इस निर्णय से विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण या सुरक्षित होने तक बच्चों को जर्जर भवन में पढ़ने के जोखिम से बचाया जा सकेगा और उनकी शिक्षा भी जारी रहेगी।
#Madhubani #मधुबनी #MadhubaniNews #BiharNews #SchoolNews #SchoolBuilding #NPSSchool #Sinuaur #AnandSharma #DMAnandSharma #EducationNews #BiharEducation #Benipatti #बिहार_समाचार #शिक्षा_समाचार
