मधुबनी। जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके।

जिला प्रशासन के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को जिले में 14,229 एलपीजी उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई। वहीं विभिन्न तेल कंपनियों से कुल 16,941 एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति हुई। इनमें इंडियन ऑयल (IOCL) के 7,969, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के 5,140 तथा भारत पेट्रोलियम (BPCL) के 3,832 सिलेंडर शामिल हैं।

प्रशासन ने कहा कि बुकिंग के अनुरूप तेजी से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश

जिला प्रशासन ने जिले के सभी गैस वितरकों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक उपभोक्ता तक गैस सिलेंडर की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई गैस एजेंसी उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करती है, अतिरिक्त राशि की मांग करती है या वितरण में लापरवाही बरतती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता गैस की बुकिंग न करें, घरेलू एलपीजी का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए करें तथा कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध भंडारण की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। किसी भी शिकायत या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर संपर्क किया जा सकता है।

पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडार

प्रशासन के अनुसार जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है। 16 जुलाई 2026 तक जिले में 907.2 हजार लीटर पेट्रोल और 1,152.5 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल का स्टॉक उपलब्ध है।

जिला प्रशासन ने लोगों से पेट्रोल और डीजल का अनावश्यक भंडारण नहीं करने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति की संभावना न बने। प्रशासन ने कहा कि संपूर्ण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version