पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी के निर्देशानुसार आज दिनांक 16.05.2026 को पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष, यातायात के नेतृत्व में बेरवास ग्राम, डुमरा में यातायात जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
इस दौरान यातायात पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी एवं लापरवाही के कारण होती हैं। यदि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें, तो दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है।
हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशा कर वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही सड़क पर सतर्क एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित लोगों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का यातायात पुलिस टीम द्वारा सरल एवं व्यवहारिक तरीके से उत्तर दिया गया तथा सभी को स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार एवं समाज को भी सड़क सुरक्षा नियमों के पालन हेतु प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
सीतामढ़ी पुलिस द्वारा आमजन के बीच सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
