सीतामढ़ी। बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने गुरुवार को पुनौरा धाम मंदिर परिसर का दौरा कर निर्माणाधीन कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मंदिर परिसर के सभाकक्ष में मंदिर निर्माण और समग्र विकास परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, संबंधित अभियंता तथा निर्माण कार्य कर रही एजेंसी अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान निर्माण एजेंसी ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से परियोजना की वर्तमान प्रगति से मुख्य सचिव को अवगत कराया।
समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों में लगाए गए मानव संसाधन और मशीनरी की उपलब्धता, अस्थायी निर्माण कार्यों की स्थिति, निर्माण सामग्री एवं उपकरणों की उपलब्धता, आगामी तीन माह यानी 1 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक की कार्ययोजना, सड़क नेटवर्क के विकास, सार्वजनिक संपर्क मार्गों की प्रगति तथा अन्य तकनीकी और आधारभूत पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनौरा धाम मंदिर निर्माण और परिसर के समग्र विकास से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है, इसलिए प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करते हुए निर्माण कार्यों की गति बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मुख्य सचिव ने कहा कि पुनौरा धाम मंदिर निर्माण एवं समग्र विकास परियोजना की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा की जाती रही है। इसी क्रम में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने परियोजना की प्रगति का विस्तृत आकलन किया और निर्माण एजेंसी तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
