*समाहरणालय, मधुबनी*
=================
*जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
====================
*प्रेस विज्ञप्ति*
*दिनांक – 02/09/2026*

*2.86 लाख किसानों का सत्यापन लंबित, मोबाइल से भी कर सकते हैं PM-KISAN का e-KYC*

*योजना के लाभ से वंचित होने से बचने के लिए लंबित e-KYC शीघ्र पूरा कराएं किसान : जिला कृषि पदाधिकारी*

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रत्येक वर्ष ₹6,000 की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में उपलब्ध कराई जाती है। योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए पंजीकृत किसानों का e-KYC सत्यापन पूर्ण होना आवश्यक है। e-KYC नहीं होने की स्थिति में लाभुक किसान की आगामी किस्त का भुगतान प्रभावित हो सकता है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में मधुबनी जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत कुल 2,87,896 किसान लाभुक हैं। इनमें से 2,86,031 किसानों का e-KYC अभी लंबित है। जिला कृषि विभाग द्वारा लंबित e-KYC को शीघ्र पूरा कराने के लिए किसानों से अपील की गई है।
घर बैठे भी कर सकते हैं e-KYC
किसानों की सुविधा के लिए e-KYC पूरा करने के लिए दो प्रमुख माध्यम उपलब्ध हैं—

*बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से:*
किसान अपने आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी CSC/वसुधा केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से e-KYC करा सकते हैं।
*फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से:*
किसान अपने मोबाइल फोन से भी e-KYC पूरा कर सकते हैं। इसके लिए Google Play Store से PM-KISAN Mobile App और Aadhaar Face RD App डाउनलोड करना होगा। इसके बाद PM-KISAN Mobile App में पंजीकरण संख्या अथवा आधार संख्या के माध्यम से लॉगिन कर Dashboard में e-KYC की स्थिति देखी जा सकती है। यदि e-KYC लंबित है तो “e-KYC” / “Click here to complete” विकल्प पर क्लिक कर चेहरे का प्रमाणीकरण करना होगा। सफल फेस ऑथेंटिकेशन के बाद e-KYC की प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी।
जिला कृषि पदाधिकारी ने जिले के सभी किसान भाई-बहनों से अपील की है कि वे बिना विलंब अपना e-KYC सत्यापन पूर्ण कराएं, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त होता रहे। किसानों को सलाह दी गई है कि यदि उनका e-KYC लंबित है तो वे नजदीकी CSC/वसुधा केंद्र अथवा मोबाइल एप के माध्यम से जल्द से जल्द सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें।

===================
—————————— ———————————————————————– ..*
=================
*बिहार में शराब का व्यापार एवम सेवन पूर्ण रूप से अवैध है। इससे संबधित जानकारी टॉल फ्री नंबर 15545 या18003456268 एवम जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष* *नंबर पर*06276-222576 *जरूर दे। आपकी पहचान* *गोपनीय रखी जायेगी।*
=============== ===
*।***
==================
*# DPRO,Madhubani*

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version