पुनौरा थाना क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, प्रतिष्ठान संचालकों ने मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी के खिलाफ सहयोग का दिया भरोसा
सीतामढ़ी, 19 जुलाई। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संचालित राज्यव्यापी “नया सवेरा अभियान-3.0” के तहत सीतामढ़ी पुलिस द्वारा बाल श्रम, मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी के खिलाफ लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को पुनौरा थाना क्षेत्र में दुकान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम सीतामढ़ी पुलिस की मानव तस्करी निरोध इकाई, विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी मानव तस्करी निरोध इकाई सुशील कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों को मानव तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी से जुड़े कानूनी प्रावधानों, इनके सामाजिक दुष्प्रभावों तथा अपराधों की रोकथाम में नागरिकों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में बाल श्रम को किसी भी स्थिति में बढ़ावा न दें और यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
प्रतिष्ठान संचालकों ने लिया बाल श्रम मुक्त रखने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में दुकान एवं प्रतिष्ठान संचालकों सहित उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने प्रतिष्ठानों को बाल श्रम मुक्त बनाए रखेंगे, बंधुआ मजदूरी को किसी भी रूप में प्रोत्साहित नहीं करेंगे और मानव तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को जिम्मेदारी के साथ पुलिस तक पहुंचाएंगे।
प्रतिष्ठान संचालक संजय वर्मा और रितेश भारती ने अभियान की सराहना करते हुए अपने प्रतिष्ठानों को बाल श्रम मुक्त रखने तथा मानव तस्करी के खिलाफ पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई।
जनभागीदारी से ही अपराधों पर लगेगी रोक
कन्वर्जेंस विशेषज्ञ मनीष कुमार ने कहा कि मानव तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी जैसे अपराधों को रोकने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। वहीं मुकुंद चौधरी ने कहा कि नया सवेरा अभियान-3.0 बच्चों के अधिकारों की रक्षा और समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सीतामढ़ी पुलिस की महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार, गृह रक्षक गौतम बैठा, चंदन कुमार, आनंद कुमार, चंदन चंद्रवंशी, अमन झा, राजन कुमार, मो. मजीद साह सहित स्थानीय नागरिक, दुकान एवं प्रतिष्ठान संचालक तथा अदिथी कवच परियोजना के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सीतामढ़ी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मानव तस्करी, बाल श्रम या बंधुआ मजदूरी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना या संबंधित पुलिस इकाई को दें, ताकि समय पर प्रभावी और कानूनी कार्रवाई की जा सके।
