सीतामढ़ी। बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर चलाए जा रहे राज्यव्यापी ‘नया सवेरा अभियान-3.0’ के तहत सीतामढ़ी जिले में बाल संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों के उच्च एवं मध्य विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच शपथ ग्रहण समारोह और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को बाल श्रम, मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति सजग बनाना था। यह कार्यक्रम शिक्षा विभाग, सीतामढ़ी पुलिस और अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया।

छात्रों को दी गई कानूनी प्रावधानों की जानकारी

जागरूकता सत्र के दौरान विद्यार्थियों को बाल श्रम, मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें इन अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सामूहिक रूप से संकल्प लिया और समाज को सुरक्षित बनाने में अपनी भूमिका निभाने का वादा किया।

बच्चों की जागरूकता से अपराधों की रोकथाम संभव: मो. नजीब अनवर

इस अवसर पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. नजीब अनवर ने कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना मानव तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रयासों से चलाया जा रहा यह जनजागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सीतामढ़ी पुलिस बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version