*जिला गंगा समिति नमामि गंगे के विशेष अभियान के तहत तालाबों से निकाली गई पूजन सामग्री, मूर्तियों के अवशेष एवं कचरा*
*दुर्गा पूजा के बाद जलस्रोतों के संरक्षण की पहल, तालाबों की सफाई में जुटे नागरिक और स्वच्छता कर्मी*
~~~~
मधुबनी,
24 अक्टूबर, 2026
स्वच्छता ही सेवा अंतर्गत चल रहे विशेष अभियान के तहत नगर परिषद झंझारपुर द्वारा शहर स्थित तालाबों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। दुर्गा पूजा के पश्चात मूर्ति विसर्जन से तालाबों में जमा पूजन सामग्री, मूर्तियों के अवशेष एवं अन्य कूड़ा-कचरा निकालकर साफ-सफाई की गई। अभियान में आम नागरिकों एवं नगर परिषद के स्वच्छता कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर नगर प्रबंधक संजय कुमार ने कहा कि जलस्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। त्योहारों के बाद तालाबों की सफाई करना आवश्यक है, ताकि जलस्रोतों की स्वच्छता एवं पर्यावरण का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे तालाबों में पूजन सामग्री एवं अन्य कचरा न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।
वहीं, डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि नदियों एवं अन्य जलस्रोतों की निर्मलता, अविरलता एवं पवित्रता बनाए रखना जिला गंगा समिति नमामि गंगे की प्राथमिकताओं में शामिल है। जलस्रोतों की स्वच्छता के लिए जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। त्योहारों के बाद तालाबों की सफाई के लिए चलाया गया यह अभियान जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। उन्होंने नागरिकों से धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने तथा पूजन सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट का उचित निस्तारण करने की अपील की। जिला गंगा समिति नमामि गंगे के अंतर्गत संचालित विशेष अभियान के माध्यम से जलस्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
