प्रेस विज्ञप्ति
13 नवंबर 2026
पावर हाउस खड़का घाट, लखनदेई पुल, मेहसौल चौक एवं पुनौरा सहित जिले के विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सजावट की विशेष व्यवस्था
सीतामढ़ी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले में उत्सव और आस्था का माहौल है। इस अवसर पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया के नेतृत्व में विभिन्न प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, पहुंच पथ और सुरक्षा सहित तमाम बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
पावर हाउस खड़का छठ घाट, मेहसौल चौक स्थित लखनदेई पुल, पुनौरा सहित जिले के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों पर प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाटों की साफ-सफाई के साथ-साथ सीढ़ियों एवं आसपास के स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इस बार घाटों पर छठ महापर्व से जुड़े प्राकृतिक एवं पारंपरिक दृश्यों की पेंटिंग विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। घाटों की सीढ़ियों पर उकेरी गई मनमोहक कलाकृतियां पर्व की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक छटा को और निखार रही हैं। जिला प्रशासन की यह पहल घाटों को न केवल स्वच्छ एवं सुंदर स्वरूप प्रदान कर रही है, बल्कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी।
जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया स्वयं विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है।
घाटों पर की गई व्यवस्थाओं और सौंदर्यीकरण की पहल को लेकर स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। खासकर पारंपरिक एवं प्राकृतिक दृश्यों पर आधारित पेंटिंग और घाटों की आकर्षक सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार घाटों को व्यवस्थित एवं सुंदर स्वरूप देने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष प्रयास किए गए हैं।
छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
